BIHAR NATION is a new media venture of journalist Jay Prakash Chandra .This dot-in will keep you updated about crime, politics , entertainment and religion news round the clock.
जे.पी.चन्द्रा की रिपोर्ट
बिहार नेशन: आज लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के आखिरी दिन उगते सूर्य को व्रतियों ने अर्घ्य दिया गया। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। कल यानी रविवार को शाम में डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया था। इस दौरान व्रतियों ने भगवान भास्कर की आराधना की और अपने परिवार के लिए सुख समृधि की प्रार्थना की।

शुक्रवार से छठ महापर्व की शुरुआत हुई थी। शनिवार को नहाय खाय था। वहीं, 29 अक्टूबर 2022 को खरना था और इस दिन व्रतियों ने खरना का खीर और रोटी बनाकर लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया। 30 अक्टूबर 2022 को व्रतियों ने शाम में सूर्य देवता को अर्घ्य दिया, जिसके बाद आज यानी 31 अक्टूबर 2022 को सुबह अरुणोदय बेला में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने छठ का पारण किया ।

इस बार का छठ पूजा इस लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण रहा क्योंकि इस बार पूरे दो साल बाद लोगों ने बिना किसी पाबंदी के छठ पूजा मनाया। पिछले दो सालों से व्रती न तो छठ घाट पर जा रहे थे और न ही वे प्रसाद वितरण कर पा रहे थे। लेकिन इस बार उनके बीच छठ पूजा की धूम देखने को मिली।

गौरतलब हो कि, इस पावन पर्व पर महिलाएं कठिन व्रत रखते हुए सायंकाल में नदी तालाब या जल से भरे स्थान में खड़े होकर अस्ताचल गामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देती है और दीप जलाकर रात्रि जागरण करते हुए गीत, कथा के माध्यम से भगवान सूर्य नारायण की महिमा का बखान करती है।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री आवास में अपने परिवार के निकट सदस्यों के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा राज्यवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये ईश्वर से प्रार्थना की।

वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी पटना के दीघा घाट पहुंचे थे। जहां उन्होंने अर्घ्य दिया. साथ ही राज्य के खुशहाली की कामना की। .तेजस्वी यादव ने सभी लोगों को छठ की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि 2 साल बाद बड़ी धूमधाम से ये पर्व मनाया गया।

राबड़ी देवी को लेकर उन्होंने कहा की साल 1977 से 2017 तक मां ने छठ पर्व मनाई लेकिन आप जानते ही हैं लालू यादव की किडनी ट्रांसप्लांट होनी है। जिस कारण कुछ सालों से हमारे यहां नहीं हो पा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने लोक आस्था का महापर्व-छठ के चौथे दिन आज 2, देशरत्न मार्ग, पटना स्थित आवासीय परिसर में उगते सूर्य को सपरिवार अर्घ्य दान कर विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना कर देशवासियों के मंगलमय, सुखी, आरोग्य समृद्ध जीवन हेतु प्रार्थना की।

उधर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने भी अपने सरकारी आवास पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। जहां परिवार के लोगों के साथ अन्य कई लोग भी मौजूद थे। बता दें कि, मंत्री अशोक चौधरी के साथ उनकी पत्नी नीता चौधरी भी छठ व्रत का आयोजन करती हैं।

बता दें कि चार दिन तक चलने वाला छठ महापर्व का आज उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ ही संपन्न हो गया। देश के विभिन्न राज्य जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, पटना, झारखंड, दिल्ली, मुंबई समेत अन्य राज्यों से उगते सूरज को अर्घ्य देने की तस्वीरें सामने आ रही हैं। मालूम हो कि महापर्व छठ पूजा की पुरे बिहार में बड़ी मान्यता है। लगभग सभी घरों में इसे मनाया जाता है। आम से लेकर ख़ास तक सभी लोग इसे मनाते हैं। भगवान भास्कर को अर्घ्य देते हैं।