Bihar Nation
सबसे पहले सबसे तेज़, बिहार नेशन न्यूज़

औरंगाबाद: आर.टी.पी.एस. काउंटर पर प्रमाणपत्र निर्गत करने के लिए मांगते थे घूस, अब जांच के बाद कारवाई के आदेश

0 249

 

जे.पी.चन्द्रा की रिपोर्ट

बिहार नेशन:पिछले दिनों घूस लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया में दो पदाधिकारियों का तेजी से वायरल हुआ था। अब उस वीडियो को जांच में सही पाया गया है और दोनों के विरुद्ध कारवाई करने के आदेश जारी कर दिये गये हैं। बता दें कि यह वीडियो दाऊदनगर का है। जहाँ से विकास कुमार, पिता- युगेश सिंह, ग्राम- पिलछी, थाना- दाऊदनगर, जिला- औरंगाबाद द्वारा एक परिवाद पत्र एवं दो विडियो क्लिप जिला प्रशासन को प्राप्त हुआ है। प्राप्त आवेदन में दाऊदनगर अनुमंडल कार्यालय में आर.टी.पी.एस. पर प्रतिनियुक्त आई.टी. सहायक शैलेन्द्र कुमार एवं कार्यपालक सहायक मनीष कुमार पर विभिन्न प्रमाण-पत्र निर्गत करने के एवज में अवैध राशि की मांग करने का आरोप लगाया गया है। जिसकी जांच अपर अनुमंडल पदाधिकारी, दाउद नगर द्वारा कराई गई।

परिवादी द्वारा साक्ष्य के रूप में दो विडियो प्रस्तुत किया गया है। विडियो के अवलोकन से स्पष्ट परिलक्षित होता है कि यह विडियो दाऊदनगर अनुमंडल कार्यालय आर.टी.पी.एस. कक्ष / काउन्टर में बनाया गया है। विडियो में श्री मनीष कुमार, कार्यपालक सहायक तथा श्री शैलेन्द्र कुमार आई.टी. सहायक को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। विडियो में स्पष्ट रूप से श्री मनीष कुमार को प्रमाण पत्र निर्गत करने के एवज में अवैध राशि की मांग करते सुना एवं लेते देखा जा सकता है। अवैध राशि की वसुली की पुरी घटना श्री शैलेन्द्र कुमार के समक्ष घटती है, जिससे इस कृत्य में इनकी भी संलिप्तता स्पष्ट परिलक्षित होती है।

पूर्व में भी दोनों कर्मियों को प्रमाण-पत्र निर्गत करने के लिए अवैध राशि की मांग किये जाने की शिकायत मिलने पर अनुमंडल पदाधिकारी, दाउद नगर द्वारा कड़ी चेतावनी दी गयी थी। साथ ही अपर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा पूर्व में भी श्री मनीष कुमार, कार्यपालक सहायक के ऐसे कृत्य संबंधी प्रतिवेदन पत्रांक-1618/ दिनांक- 15.12.2021 के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, दाऊदनगर को दी जा चुकी है।

अतः पूर्व में दिये गये प्रतिवेदन एवं प्राप्त परिवाद की जांच के आलोक में अपर अनुमंडल पदाधिकारी, दाउद नगर द्वारा आई.टी.सहायक श्री शैलेन्द्र कुमार एवं कार्यपालक सहायक, मनीष कुमार के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई है। जिसके उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी, दाउद नगर के निर्देशानुसार उपरोक्त दोनों कर्मियों के विरुद्ध दाउद नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.