BIHAR NATION is a new media venture of journalist Jay Prakash Chandra .This dot-in will keep you updated about crime, politics , entertainment and religion news round the clock.
औरंगाबाद: 3430 मतदाता चुनेंगे MLC को, डीएम ने तैयारियां तेज करते हुए किया 13 कोषांगों का गठन
जे.पी.चन्द्रा की रिपोर्ट
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद में विधानपरिषद सदस्य के चुनाव के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं।इस जिले में एमएलसी सीट पर चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल द्वारा 13 कोषांगों का गठन किया गया है । साथ ही इन 13 कोषांगों के संचालन के लिए वरीय पदाधिकारी व नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
वहीं जिलाधिकारी द्वारा गठित कोषांगों में निर्वाचक नामावली कोषांग, कार्मिक कोषांग, नाम निर्देशन कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, परिवहन कोषांग, सामग्री सह मत पेटिका कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, विधि व्यवस्था कोषांग, मतपत्र कोषांग, वज्रगृह सह मतगणना कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, निर्वाचन कोषांग एवं मीडिया कोषांग का गठन किया गया है। उक्त कोषांगों के लिए जिलाधिकारी द्वारा वरीय पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।

प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के अनुसार निर्वाचक नामावली कोषांग का वरीय पदाधिकारी अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा व नोडल पदाधिकारी डीआईओ प्रशांत कुमार को बनाया गया है। अपर समाहर्ता श्री सिन्हा को कई अन्य कोषांगों का भी वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। कार्मिक कोषांग का नोडल पदाधिकारी वरीय उप समाहर्ता आलोक राय को बनाया गया है। उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल को नाम निर्देशन कोषांग एवं निर्वाचन कोषांग का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
इसी प्रकार जिला परिवहन पदाधिकारी बालमुकुंद प्रसाद को परिवहन कोषांग, उप समाहर्ता फतेह फैयाज को सामग्री सह मतपेटिका कोषांग, वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार को आदर्श आचार संहिता व विधि व्यवस्था कोषांग, जिला कल्याण पदाधिकारी असलम अली को मतपत्र कोषांग का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वरीय उप समाहर्ता मनीष कुमार को प्रेक्षक सह आवासन कोषांग तथा वरीय उप समाहर्ता कृष्णा कुमार को मीडिया कोषांग का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। जिला जन शिकायत पदाधिकारी गोविंद चौधरी को विभिन्न कोषांग का वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। सभी कोषांगों के अधिकारियों एवं नोडल पदाधिकारियों को उनके कार्यों एवं दायित्यों की जानकारी दे दी गई है।
उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने बताया है कि एमएलसी चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 3430 है। जिसमें एक सांसद, छह विधायक, 28 जिला पार्षद, 202 मुखिया, 2820 वार्ड सदस्य, 283 पंचायत समिति सदस्य तथा 90 नगर वार्ड सदस्य शामिल हैं । अभी इस पद के लिए दो प्रबल नाम अनुज सिंह और दिलीप सिंह की की चर्चा तेज है ।

गौरतलब हो कि बिहार से अलग कर झारखंड राज्य की स्थापना की गई और बिहार विधान परिषद् के सदस्यों की संख्या 96 से घटाकर 75 निर्धारित की गई। अभी बिहार विधान परिषद् में 27 सदस्य बिहार विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से, 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से, 6 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से, 24 स्थानीय प्राधिकार से तथा 12 मनोनीत सदस्य हैं।
बिहार में विधानपरिषद के 24 MLC पदों के लिए चुनाव होना है। इस चुनाव में एमएलसी के अलावा सांसद, विधायक औऱ पंचायत प्रतिनिधि वोटर होते हैं। हालांकि सरपंच और पंच इसमें नहीं शामिल होते हैं। वार्ड सदस्य इसमें वोटिंग करते हैं। लेकिन वार्ड की संख्या अधिक होने के कारण वार्ड सदस्य का वोट अहम हो जाता है। हालांकि अभी चुनाव की तारीखों को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।